नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में कार से दो शव मिलने से सनसनी

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली। नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक कार से दो लोगों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार के अंदर बैठे दो व्यक्तियों को मृत अवस्था में पाया।

पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों ने सूचना दी थी कि नाले के पास खड़ी एक कार में दो लोग संदिग्ध हालत में दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां सफेद रंग की एक कार सड़क किनारे खड़ी मिली। कार के शीशे बंद थे, जबकि वाहन लॉक नहीं था।

जांच के दौरान जब पुलिस ने कार का दरवाजा खोला तो अंदर से तेज बदबू आ रही थी। कार के भीतर दो लोग मृत हालत में बैठे मिले, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों की मौत कुछ समय पहले ही हो चुकी थी।

कार की तलाशी लेने पर पुलिस को अंदर से शराब के तीन पाउच मिले, जिनमें से दो बंद थे जबकि एक खुला हुआ था। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि यह कार एक दिन पहले दोपहर करीब दो बजे से उसी जगह खड़ी थी और उसके बाद किसी व्यक्ति की गतिविधि कार के पास दिखाई नहीं दी।

मृतकों की पहचान विकास (42) और बिजेंद्र उर्फ भोला (36) के रूप में हुई है। दोनों खेड़ा खुर्द क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। विकास पेशे से ड्राइवर था, जबकि बिजेंद्र प्लंबिंग का काम करता था। कार में विकास ड्राइवर सीट पर बैठा मिला, जबकि बिजेंद्र पीछे की सीट पर था।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में दोनों के शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। बंद कार में दम घुटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment