समाजवादी पार्टी और रालोद मिलकर लड़ेंगे नगर निकाय चुनाव, असमंजस की स्थिति को किया दूर

Rohit Kumar
2 Min Read

उत्तर प्रदेश में नगर निगम चुनाव (UP Municipal Election) को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारी में लग गए हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल ये था कि क्या विधानसभा चुनाव में एक साथ मिलकर चुनाव लड़ने वाली समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) और राष्ट्रीय लोकदल (Rashtriya Lokdal) निकाय चुनावों में भी एक साथ होंगी. इस सवाल का जवाब आरएलडी (RLD) विधायक चंदन चौहान ने दिया है. उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में भी सपा और आरएलडी का गठबंधन बरकरार रहेगा.

क्या निकाय चुनाव साथ लड़ेंगे सपा-आरएलडी?

आरएलडी के विधायक चंदन चौहान ने साफ तौर पर कहा कि नगर निगम चुनाव में कैंडिडेट कौन होगा? सीटों का क्या बंटवारा होगा? इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने एक कमेटी बनाई है और ये कमेटी ही सारी चीज़ों को तय करेगी. चंदन चौहान का ये बयान आरएलडी प्रदेश अध्यक्ष राम आशीष राय के उस बयान से एकदम पलट है जिसमें उन्होंने कहा था कि आरएलडी नगर निकाय चुनाव अकेले अपने दम पर लड़ेगी, 2024 का चुनाव सपा के साथ मिलकर लड़ा जाएगा. राम आशीष राय ने ये बयान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने दौरे के दौरान दिया था.

आरएलडी प्रदेश अध्यक्ष के बयान से उठे सवाल

आरएलडी प्रदेश अध्यक्ष के बयान के बाद इस तरह के कयास लगने शुरू हो गए थे कि शायद आरएलडी, नगर निगम चुनाव बिना गठबंधन के ही लड़ेगी. इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आज आरएलडी विधायक चंदन चौहान ने आरएलडी के स्टैंड को साफ किया है. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में राष्ट्रीय अध्यक्ष का ही फैसला अंतिम होगा. उन्होंने कहा कि कई बार पूरब के व्यक्ति को पश्चिम में अपनी बात कहने में कुछ कमी रह जाती है और शायद अब प्रदेश अध्यक्ष जब कहीं कोई बयान देंगे तो सोच समझकर बयान देंगे.

वहीं जब उनसे बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को बनाए जाने को लेकर सवाल किया गया तो आरएलडी विधायक ने कहा कि पश्चिम का हर व्यक्ति जानता है कि असली चौधरी कौन है.

Share This Article
Leave a Comment