खोड़ा अग्निकांड के रियल हीरोज को सलाम, 160 लोगों की जान बचाने वाले 10 दमकलकर्मियों को गैलेंट्री मेडल

News Desk
3 Min Read

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपनी जान पर खेलकर 160 लोगों की जान बचाने वाले मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल समेत 10 दमकलकर्मियों को गैलेंट्री मेडल दिए जाएंगे। तीन मार्च 2026 की रात गाजियाबाद के अजंता पार्क खोड़ा में हुई आग की घटना में दमकलकर्मियों की टीम ने न सिर्फ उस इमारत में फंसे लोगों को बचाया, बल्कि आसपास के क्षेत्र को खाली कराकर अन्य लोगों की जान भी बचाई थी। बता दें कि इस हादसे में दंपती समेत चार की मौत हो गई थी।

आग के बीच से अंदर दाखिल हुई टीम

सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि तीन मार्च की रात करीब 11 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। जानकारी पार्किंग में खड़े वाहनों में आग लगने की थी, लेकिन जब टीम मौके पर पहुंची तो करीब 35 वाहन आग की चपेट में थे और पार्किंग से ऊपर जाने का रास्ता पूरी तरह बंद था।

वहीं, पांच मंजिला इमारत में 100 से अधिक लोग मदद की गुहार लगा रहे थे। आग तेजी से बढ़ रही थी। इसके बाद टीम ने आग के बीच से अंदर जाने का फैसला किया। गेट काटकर और पानी की बौछार करते हुए टीम इमारत में दाखिल हुई। इसके बाद सबसे पहले बालकनी में फंसे लोगों को सीढ़ियों की मदद से बाहर निकाला गया।

कंधों पर लोगों को लेकर उतरी टीम

इस घटना में 100 से अधिक लोगों को बाहर निकालने के बाद पता चला कि कई लोग अभी भी अंदर फंसे हैं। इसके बाद टीम ने कई फ्लैटों के गेट तोड़कर 27 लोगों को बाहर निकाला। वे सभी बेहोश थे। दमकलकर्मी उन्हें आग के बीच से कंधों पर उठाकर बाहर लाए। सीएफओ ने बताया कि इस दौरान दमकल के कई कर्मचारी चोटिल भी हुए। दो लोगों की जान नहीं बचा पाने का दुख हमेशा रहेगा।

इनको मिला गैलेंट्री मेडल

सीएफओ राहुल पाल, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी मूलचंद, लीडिंग फायरमैन नेत्रपाल, फायर सर्विस चालक रामपाल सिंह और सतेंद्र कुमार, फारमैन उमाकांत शुक्ला, दीप कुमार, जोगेंद्र सिंह, विनय यादव और आयुष्मान शर्मा।

Share This Article
Leave a Comment