पूर्वी दिल्ली। सीलमपुर निवासी एक यूट्यूबर पर 15 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म किया। आरोप है कि जब पीड़िता ने पुलिस के पास जाने की बात कही तो आरोपित ने नाबालिग पीड़िता से ही शादी कर ली। अत्याचार का सिलसिला यहीं नहीं रुका, आरोपित यूट्यूबर ने किशोरी से शादी कर उसे देह व्यापारी में धकेलने का प्रयास किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता अपने परिवार के साथ जाफराबाद थाना क्षेत्र में रहती है। आरोपित सीलमपुर में रहता है। पीड़िता ने बताया कि वह यूट्यूब व इंस्टाग्राम पर आरोपित के मजाकिया वीडियो देखती थी। उसे वह वीडियो बहुत पसंद आते थे तो उसने इंस्टाग्राम पर ही मैसेज कर उससे दोस्ती करनी चाही। अप्रैल 2025 में दोनों के बीच दोस्ती हुई।
आरोप है दोस्ती होने के कुछ दिनों के बाद आरोपित उसे घुमाने के लिए दिल्ली गेट ले गया। यहां उसने कार में उसे काेल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और दुष्कर्म किया। पीड़िता ने वारदात के बारे में अपने परिवार और पुलिस को बताने की बात कहीं तो आरोपित ने उससे कुछ दिन बाद निकाह कर लिया।
वारदात के समय वह 15 साल की थी, आरोपित ने उसके 16 साल का होने पर निकाह किया। दोनों परिवार शादी में शामिल हुए। पीड़िता का आरोप है कि पिछले कुछ माह से यूट्यूबर अपनी पत्नी को देह व्यापार में धकेलने की कोशिश करने लगा।
पीड़िता सीलमपुर पहुंची और पांच अगस्त को पुलिस ने दुष्कर्म, पाक्सो और मारपीट आदि की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी उत्तर पूर्वी जिला राहुल अलवाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

