नोएडा एयरपोर्ट पर उतरा रूस का मिलिट्री विमान IL-76, क्या है इस लैंडिंग का राज, प्लेन में कौन था सवार?

News Desk
2 Min Read

नई दिल्ली: ब्रिक्स समिट से पहले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रूस का मिलिट्री एयरक्राफ्ट पहुंचा है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत आने वाले हैं। रूसी राष्ट्रपति के भारत दौरे और ब्रिक्स की तैयारियों से इस विमान की लैंडिंग को जोड़कर देखा जा रहा है। इस वीकेंड पर ब्रिक्स समिट के लिए दिल्ली में VVIP उड़ानों और डेलीगेशन को लाने वाले चार्टर प्लेन समेत लगभग 35 खास विमानों के आने की उम्मीद है। इसे देखते हुए अधिकारी एयर ट्रैफिक को संभालने के लिए कई एयरपोर्ट्स का इस्तेमाल करने की योजना पर काम कर रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि VVIP की आवाजाही आज यानी 9 सितंबर से शुरू होगी, लेकिन 11 सितंबर को सबसे अधिक भीड़ होने की उम्मीद है, क्योंकि इस दिन दक्षिण अफ्रीका, ईरान, मिस्र, रूस, फिलीपींस, अबू धाबी, इथियोपिया, थाईलैंड और नाइजीरिया के डेलीगेशन और राष्ट्राध्यक्षों के राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की संभावना है। कजाकिस्तान, वियतनाम और चीन के राष्ट्राध्यक्षों के 12 सितंबर को आने की उम्मीद है।

पूरी देखरेख की जानकारी रखने वाले लोगों के मुताबिक, दिल्ली और उसके आस-पास कई एयरपोर्ट्स को विमानों की पार्किंग या उन्हें दूसरी जगह भेजने (डायवर्ट करने) के लिए चुना गया है। नागर उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर, आयोजन की तीन दिन की अवधि में उत्तर प्रदेश से संचालित होने वाले उड़ान प्रशिक्षण संगठनों (एफटीओ) में उड़ान संबंधी गतिविधियों पर रोक लगा दी है।

डीजीसीए ने सभी एफटीओ संस्थानों को भेजे गए एक संदेश में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले ब्रिक्स समिट-2026 को देखते हुए ये पाबंदियां 11 सितंबर की सुबह सात बजे से 13 सितंबर की रात 11 बजे तक लागू रहेंगी। 18वां ब्रिक्स सम्मेलन 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment