दिल्ली में गर्मी का कहर, रात का तापमान दो साल में सबसे ज्यादा

News Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। दिल्लीवासियों पर रविवार को दिन-रात गर्मी का जबरदस्त प्रकोप रहा। रात का न्यूनतम तापमान पिछले 2 साल में जून के सबसे गर्म रिकॉर्ड पर पहुंच गया। हीटवेव ने स्थिति और खराब कर दी। ऐसे में छुट्टी का दिन उमस भरी गर्मी एवं 50 डिग्री सेल्सियस के आभासी तापमान की भेंट चढ़ गया। वहीं, आंकड़े बताते हैं कि जून 2024 के बाद रविवार की रात सबसे गर्म रात रही।

रात में भी नहीं मिली राहत

सफदरजंग पर अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा था। लोधी रोड पर यह 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। उच्च आर्द्रता 37 से 70 प्रतिशत के कारण दोपहर में ‘फील्स लाइक’ तापमान 50.7 डिग्री सेल्सियस तक चला गया।

इतने उच्च स्तर पर लंबे समय तक रहने से हीट एग्जॉर्शन और जानलेवा स्थिति का खतरा बढ़ जाता है। रात को भी राहत नहीं मिली। सफदरजंग पर न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है। यह जून 2024 के बाद का सबसे गर्म रात का तापमान है।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने रविवार रात और अगले दो दिनों मंगलवार-बुधवार के लिए बारिश, आंधी और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि मंगलवार से तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है। 1 जुलाई तक 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे और 3 जुलाई तक 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

सप्ताह के अंत तक गिर सकता है तापमान

बता दें कि मानसून की सामान्य तारीख 27 जून थी, लेकिन अभी तक इसकी सक्रिय एंट्री नहीं हुई है। अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन पूर्ण मॉनसून कम से कम 2 जुलाई तक नहीं आने की उम्मीद है। इस बीच शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) मध्यम श्रेणी में 152 पर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में तापमान में 5-6 डिग्री की गिरावट संभव है।

Share This Article
Leave a Comment