नोएडा की सोसायटी में पिटबुल को लेकर बवाल, निवासियों ने किया प्रदर्शन; पुलिस ने दिया हटाने का आश्वासन

News Desk
3 Min Read

नोएडा। सेक्टर 77 स्थित प्रतीक विस्टेरिया सोसायटी के एक फ्लैट में प्रतिबंधित पिटबुल समेत कई कुत्तों को गेट खोल कर रखने पर शनिवार रात निवासियों का गुस्सा भड़क गया। नाराज लोगों ने पिटबुल का विरोध करते हुए जबरदस्त हंगामा और प्रदर्शन किया।

सूचना मिलते ही ज्यादा संख्या में सेक्टर-113 थाना पुलिस ने सभी लोगों को शांत कराया। एओए पदाधिकारियों ने पुलिस को खतरनाक कुत्तों से राहत दिलाने की मांग की है। पुलिस ने रविवार को कुत्ते हटवाने का आश्वासन दिया है।

पिटबुल समेत खतरनाकर कुत्ते रखने का आरोप

लोगों का आरोप है कि डी- टावर में 15वें तल के एक फ्लैट में प्रतिबंधित पिटबुल और उसके साथ कई अन्य कुत्ते रखे हैं। हैरानी की बात है आरोपित पक्ष फ्लैट का गेट खोलकर कुत्तों को रखते हैं। वह बच्चे समेत अन्य लोगों पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर चुका है, बावजूद इसके आरोपित पक्ष खतरनाक कुत्तों को रखता है।

कई शिकायत पर भी उनकी बात नहीं सुनी गई, जिससे लोगों में अचानक हमला होने का डर सताता रहता है। शाम में आरोपित पक्ष की मनमानी पर लोगों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने हाई वोल्टेज हंगामा करते हुए प्रदर्शन भी किया।

काफी देर तक लोगों के बीच आरोपित पक्ष की नोक झोंक भी हुई। लोग फ्लैट से कुत्तों को बाहर करने की मांग कर रहे थे। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने नाराज लोगों को किसी तरह समझाकर शांत कराया। एओए सदस्य नवनीत जौहरी का आरोप है कि पिटबुल का विरोध करने पर फ्लैट फ्लैट की महिला तमाम लोगों को अलग-अलग धमकी देती है।

तत्काल हस्तक्षेप की मांग

प्रदर्शन में निवासियों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि यह केवल दो पक्षों का विवाद नहीं, बल्कि बच्चों और अन्य निवासियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सार्वजनिक सुरक्षा का मुद्दा है।

हंगामे और नोकझोक के बीच पुलिस ने सभी को शांत कराकर नोएडा प्राधिकरण की मदद से पूर्ण समाधान दिलाने का आश्वासन दिया है। थाना प्रभारी ने सभी को लिखित आश्वासन में रविवार रात तक प्रतिबंध कुत्तों को हटवाने का आश्वासन दिया है।

थाना पुलिस ने बताया कि सोसायटी में प्रतिबंधित कुत्ते को रखने का विवाद है। वह कुत्ता कई बार लोगों पर हमला कर चुका है, जिससे स्थानीय निवासी दहशत के माहौल में रहते हैं।

Share This Article
Leave a Comment