गाजियाबाद। बॉर्डर थाना क्षेत्र में लिव इन में रह रही महिला का शव रविवार सुबह गले में दुपट्टे से फंदा लगा कमरे के पंखे से लटका मिला। महिला पिछले 11 माह से दो बच्चों और पति को छोड़कर प्रेमी के साथ किराये के कमरे में रह रही थी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
लोनी बार्डर थाना क्षेत्र की उत्तरांचल कॉलोनी में 30 वर्षीय पूजा का शव रविवार सुबह कमरे में पंखे पर दुपट्टे से फंदा लगा लटका मिला। मकान मालिक हरेंद्र ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस पूजा को फंदे से उतारकर संयुक्त अस्पताल लेकर पहुंची। चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रेमी के लिए छोड़ा था परिवार
एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्या ने बताया कि पूजा कपड़े इस्त्री करने वाले यशपाल निवासी ग्राम कचौरा थाना सिकंदराराऊ जनपद हाथरस के साथ पिछले दो माह से उत्तरांचल कॉलोनी में किराये के कमरे में रह रही थी। उसका विवाह करीब 10 साल पहले सूरजपाल निवासी ग्राम रूमपान थाना पाली जनपद अलीगढ़ से हुआ था।
फरीदाबाद के ईंट भट्ठे पर हुआ था प्यार
पूजा अपने पति सूरजपाल के साथ फरीदाबाद में ईंट भट्ठे पर काम करती थी। भट्ठे पर काम करते समय उसकी मुलाकात यशपाल से हुई थी। इसके बाद महिला पति व दो बच्चों को छोड़कर पिछले 11 माह से यशपाल के साथ लिव इन में रह रही थी। एसीपी ने बताया कि स्वजन को सूचना देकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
महिला के स्वजन द्वारा शिकायत दिए जाने व पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। एसीपी ने बताया कि घटना के दौरान यशपाल के गांव में होने की जानकारी मिली है। उसे पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

