साहिबाबाद के होटल में दिल्ली पुलिस की महिला हेड कांस्टेबल मृत मिलीं, जांच में जुटी पुलिस

News Desk
2 Min Read

साहिबाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर सेक्टर-पांच स्थित एक होटल में दिल्ली पुलिस की महिला हेड कांस्टेबल का शव फंदे पर लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गाजियाबाद में मसूरी निवासी अदिति (30 वर्ष) दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थीं। फिलहाल उनकी तैनाती उसमानपुर थाने में थी। अदिति अविवाहित थीं। शनिवार को वह होटल पहुंची थी और रात को वहीं रूकीं। रविवार को कमरे से कोई आवाज न आने पर होटल कर्मचारियों को अनहोनी का शक हुआ।

दूसरी चाबी से कमरे का दरवाजा खुलवाया

कर्मियों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने होटल कर्मियों से दूसरी चाबी लेकर कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर अदिति का शव चुन्नी से फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस ने स्वजन को घटना की जानकारी दी। स्वजन के पहुंचने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।

मौके से सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। संभवतः घरेलू परेशानी के चलते महिला कांस्टेबल ने आत्महत्या की है। सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही है। यदि मामले में कोई तहरीर आती है तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। – अमित सक्सेना, एसीपी, साहिबाबाद

Share This Article
Leave a Comment