अंबेडकरनगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ से अधिक का नकली पेंट और वाल पुट्टी बरामद

Rohit Kumar
2 Min Read

अम्बेडकरनगर। अहिरौली थाना क्षेत्र के मड़हा नदी के पास नगहरा गांव में स्थित प्रधान ट्रेडर्स के गोदाम पर पुलिस ने छापा मारकर 1000 बाल्टी नकली पेंट और 500 बोरी अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस ने नकली पेंट के गोरख धंधे का भंडाफोड़ किया है।

अहिरौली थाना क्षेत्र में अवैध पेंट बेचने का गोरख धंधा बड़े पैमाने पर वर्षों से चल रहा है। पेंट बनाने वाली कंपनी की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष अहिरौली राजीव कुमार श्रीवास्तव ने अपनी टीम के साथ गुरुवार को दोपहर बाद नगहरा गांव में पहुंचकर प्रधान ट्रेडर्स पर छापा मारकर लगभग एक हजार बाल्टी नकली पेंट तथा 500 बोरी पेंट से संबंधित अन्य सामान बरामद कर लिया है। नगहरा गांव में प्रधान ट्रेडर्स का पेंट बेचने का गोदाम स्थित है, जिसमें यह गोरखधंधा कई वर्षों से चल रहा था। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभी तक 1000 बाल्टी नकली पेंट तथा 500 से अधिक बोरी समोसम वॉल पुट्टी पीओपी व अन्य सामग्री बरामद की गई है। इस गोरखधंधे में संलिप्त कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि थाना क्षेत्र में यह गोरखधंधा पिछले कई वर्षों से चल रहा था जिस पर कार्रवाई की गई है। अभी भी सूचना के आधार पर कई स्थानों पर छापा मारने की कार्रवाई जारी रहेगी। थानाध्यक्ष के अनुसार नकली पेंट की फैक्ट्री कहां स्थित है और कहां से नकली पेंट बनकर तैयार होता है, पुलिस के लिए यह पता लगाना चुनौतीपूर्ण है। जांच के उपरांत मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment