मथुरा: शादी की जिद पर भड़का शादीशुदा प्रेमी, गला दबाकर प्रेमिका की हत्या

Amit
2 Min Read

मथुरा, 18 जुलाई: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक प्रेम संबंध की दुखद परिणति सामने आई है। यहां एक शादीशुदा युवक ने अपनी 22 वर्षीय प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर अपना गुनाह कबूल किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

प्रेम में पनपा विवाद बना हत्या की वजह

घटना बुधवार शाम की है। कृष्णानगर थाना क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी निवासी मोनिका (22) की हत्या आगरा के फतेहपुर सीकरी के नगला सराय गांव निवासी राहुल राजपूत ने की। पुलिस की पूछताछ में राहुल ने बताया कि वह पहले से विवाहित है और एक बेटे का पिता है। यह जानकारी उसने पहले ही मोनिका को दे दी थी। इसके बावजूद मोनिका उस पर शादी के लिए दबाव बना रही थी।

“काम नहीं चल रहा… गांव जा रहा हूं”, सुनते ही भड़की मोनिका

राहुल ने बताया कि बुधवार को उसने मोनिका को कहा कि उसका मथुरा में काम नहीं चल रहा, इसलिए वह शहर छोड़कर अपने गांव लौट रहा है। यह सुनते ही मोनिका भड़क गई और झगड़ा करने लगी। दोनों के बीच तीखी बहस हुई।

नशे और गुस्से में आई मौत

राहुल ने पुलिस को बताया कि वह उस वक्त नशे की हालत में था और गुस्से में आकर उसने मोनिका का गला दबा दिया। उसका कहना है कि हत्या करने का इरादा नहीं था, लेकिन गलती से दबाव इतना ज्यादा हो गया कि मोनिका की सांसें रुक गईं और उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी भूषण वर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने पूरा अपराध कबूल किया। गुरुवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मोनिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment