रोहिणी के सरकारी स्कूल में बड़ा खुलासा, छहवीं के छात्र से महीनों तक दुराचार; चार नाबालिग पकड़े गए

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली- दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र में स्थित एक सरकारी स्कूल से छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहां छठी कक्षा में पढ़ने वाले एक बच्चे के साथ चार सीनियर छात्रों द्वारा लगातार तीन महीनों तक गलत हरकतें किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है।

पीड़ित की शिकायत के अनुसार, आरोपी छात्र उसे स्कूल समय के दौरान टॉयलेट में ले जाते थे और जबरन अनुचित हरकतें करते थे। आरोपों के मुताबिक, विरोध करने पर उसे चाकू दिखाकर डराया गया। धमकी के कारण वह लंबे समय तक खामोश रहा।

मामला तब उजागर हुआ जब आरोपियों में से एक छात्र ने घटना का वीडियो एक शिक्षक को भेज दिया। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षक ने प्रिंसिपल को जानकारी दी। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत अमन विहार थाने को इसकी सूचना दी।

रोहिणी जिला पुलिस का कहना है कि आरोपियों में एक छात्र 11वीं कक्षा का है, जबकि अन्य तीन क्रमशः सातवीं और आठवीं कक्षा में पढ़ते हैं। सभी की उम्र 14 से 15 वर्ष है। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश कर दिया है।

पीड़ित छात्र के पिता ने पुलिस को लिखित शिकायत देते हुए बताया कि उनके बेटे के साथ न सिर्फ दुराचार हुआ, बल्कि आरोपियों ने उसकी पिटाई की और वीडियो बनाकर दोस्तों को भेजा।

जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और उसके माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं।

दिल्ली पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, इस वर्ष 1 जनवरी से 30 नवंबर तक राजधानी में विभिन्न अपराधों में 3,500 से ज्यादा नाबालिग पकड़े गए हैं। इनमें सबसे अधिक मामले चोरी, हत्या के प्रयास और लूटपाट से जुड़े हैं।

Share This Article
Leave a Comment