लोनी। बार्डर थाना क्षेत्र में रविवार शाम आवासीय क्षेत्र स्थित दो मंजिला मकान की पहली मंजिल पर स्पीकर पैकेजिंग के गोदाम में अचानक आग लग गई। दमकल कर्मियों ने छह गाड़ियों से पानी डालकर करीब चार घंटे में आग पर काबू पाया। घटना के समय मकान बंद होने के चलते कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के पांच मकान खाली कराए।
गुलाब वाटिका कालोनी में विक्रांत रहते हैं। उन्होंने अपने मकान की पहली मंजिल दिल्ली मौजपुर निवासी आसिफ उर्फ शाहरुख को किराये पर दी है। दूसरी मंजिल खाली है। आसिफ का मकान में गाड़ियों के स्पीकर पैकेजिंग का गोदाम है। लोगों ने बताया कि शाहरुख करीब चार बजे मकान बंद कर अपने घर चलाया गया था।
धुआं निकलते देख पुलिस और दमकल विभाग को दी जानकारी
कालोनी निवासी अंकुश जैन बताया कि रविवार शाम करीब सवा पांच बजे लोगों ने मकान से धुआं निकलते देख पुलिस और दमकल विभाग को आग लगने की जानकारी दी। हालांकि कुछ देर में ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दूसरी मंजिल पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के पांच मकानों को खाली करा दिया।
दमकल विभाग के उपनिरीक्षक गौरव कुमार ने बताया कि कर्मचारियों ने फायर टेंडर से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसके बाद लोनी से तीन, साहिबाबाद से एक, वैशाली से एक और कोतवाली से एक फायर टेंडर मौके पर भेजा गया।
आसपास के लोग भी सबमर्सिबल से मकान के पिछले हिस्से से पानी डालकर आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे। सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
