कुशीनगर ऑनर किलिंग कांड: प्रेम संबंध से नाराज़ परिजनों ने की युगल की निर्मम हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार

Amit
3 Min Read

किशोरी के चचेरे भाई ने पिता और भाभी के साथ रची साजिश, युवक को ईंट से मार डाला

कुशीनगर, यूपी। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी युगल की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। यह मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा पाया गया है, जिसमें किशोरी के परिजनों ने सामाजिक मर्यादा की दुहाई देकर उसकी और उसके प्रेमी की योजनाबद्ध हत्या कर दी।

पुलिस ने किशोरी के चचेरे भाई को मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए उसके साथ किशोरी के पिता, भाभी और मृतक युवक के दो नाबालिग दोस्तों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

घटनाक्रम कुछ यूं घटा:
प्रेमी युगल का संबंध लंबे समय से चल रहा था। दोनों को एक साथ देखे जाने पर पंचायत भी हुई थी, जिसमें युवक को धमकी दी गई थी कि यदि वह दोबारा किशोरी के साथ दिखा, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इसके बावजूद दोनों साथ मिलते रहे।

30 जून की रात गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम के दौरान दोनों फिर साथ देखे गए। इस पर किशोरी के परिजन और चचेरा भाई बेहद आक्रोशित हो उठे। अगले दिन किशोरी को लोहे की रॉड से पीटकर मार दिया गया और शव घर में छिपा दिया गया। बाद में युवक को बहाने से बुलाकर ईंट से प्रहार कर उसकी भी हत्या कर दी गई।

हत्या को आत्महत्या दिखाने की साजिश:
रात में स्कूटी की मदद से आरोपी चचेरा भाई और उसके नाबालिग साथियों ने दोनों शवों को गांव के बाहर ले जाकर एक पेड़ पर रस्सी से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत के समय में 8 से 10 घंटे का अंतराल सामने आया, जिससे पुलिस को शक हुआ और जांच की दिशा बदल गई।

टेक्निकल सबूतों से खुला राज़:
हत्या में प्रयुक्त ईंट आरोपी के घर के बाहर से मेल खाई।

रस्सी की खरीद की रसीद एक स्थानीय दुकान से मिली।

दुबई में रहने वाला बड़ा भाई लगातार फोन पर आत्महत्या का स्वरूप देने की सलाह दे रहा था।

पुलिस ने क्या कहा?
एएसपी निवेश कटियार ने बताया कि यह एक सोची-समझी ऑनर किलिंग है, जिसमें पारिवारिक इज़्ज़त के नाम पर दो निर्दोष युवाओं की जान ले ली गई। इस मामले में शामिल सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

Share This Article
Leave a Comment