पैसों के विवाद में छोटे भाई ने की बड़े भाई की गला रेतकर हत्या, शव कमरे में सड़ता रहा

Amit
2 Min Read

न्यू उस्मानपुर में खौफनाक वारदात, खर्चा बंद करने से नाराज होकर इरशाद ने इदरीश की कर दी हत्या, चार दिन बाद लाश से उठी बदबू

दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में भाई-भाई के रिश्ते को खून से रंग दिया गया। रोज़ के खर्च को लेकर हुए झगड़े में छोटे भाई ने बड़े भाई की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी वारदात के बाद कमरे को बाहर से बंद कर फरार हो गया। चार दिन बाद कमरे से उठती बदबू ने इस खौफनाक वारदात की पोल खोल दी।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय इदरीश के रूप में हुई है। 6 जुलाई को लोगों ने दुर्गंध की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का ताला तोड़ा, तो अंदर खून से सना शव मिला।

जांच में पता चला कि इदरीश का मोबाइल भी गायब है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी इरशाद को गिरफ्तार कर लिया, जो मृतक का छोटा भाई निकला।

पूछताछ में उसने बताया कि कुछ समय पहले इदरीश उसे 500 रुपये मेहनताना और 100 रुपये खर्च देता था, लेकिन बाद में पैसे देने बंद कर दिए। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ था और गुस्से में आकर 4 जुलाई को उसने इदरीश की हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment