जेवर (ग्रेटर नोएडा)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम फेज में जमीन देने वाले प्रभावित परिवारों के युवाओं ने उपजिलाधिकारी जेवर के यहां एयरपोर्ट पर स्थाई नौकरी की मांग को लेकर ज्ञापन दिया।
प्रभावित परिवार के युवाओ ने कहां कि प्रशासन अगर एयरपोर्ट पर स्थाई रोजगार नहीं दे पा रहा तो प्रभावित युवाओं को एक मुश्त 50 लाख रुपये का मुआवजा दे।
जेवर तहसील पहुंचे युवाओं ने कहा कि उन्होंने सात साल पहले नौकरी के बदले में पांच लाख रुपये का मुआवजा छोड़ा है। उन्हें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्थाई रोजगार चाहिए।
सात साल से रोजगार नहीं दे पाया प्रशासन
प्रशासन की तरफ से बार-बार थर्ड पार्टी की कंपनियों में रोजगार देने की चाल प्रशासन की नहीं चलेगी। युवाओं ने कहा कि प्रशासन पिछले सात साल से रोजगार नहीं दे पाया इससे युवाओं का भविष्य खराब हुआ है जिसके बदले अब प्रशासन उनको 50 लाख रुपये का मुआवजा दे।
युवाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन उनकी मांगे पूरी नही कर पाया तो सभी प्रभावित मुख्यमंत्री के जनता दरबार के लिए जेवर से नंगे पैर लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे और वहां मुख्यमंत्री से अपना दर्द बताकर न्याय की मांग रखेंगे।

