नोएडा। नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित गांवों के निवासियों ने प्राधिकरण की सिटी ई बस सेवा से लाभ न मिलने की लिखित शिकायत की थी।
इस पर प्राधिकरण अधिकारियों ने ध्यान दिया है और आश्वासन दिया है कि शहर के सभी प्रमुख स्थानों को जोड़ने के लिए नए रूट पर सिटी ई बसें चलायी जाएंगी। ये बसें नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे से सटे गांवों, सेक्टरों और सोसायटियों को जोड़ते हुए सर्विस रोड से होते हुए नोएडा से ग्रेनो के बीच चक्कर लगाएंगी।
नंगली वाजिदपुर के निवासी अशोक चौहान ने बताया कि शहर में 50 बसें डेढ़ महीने से चल रही हैं, लेकिन सभी रूट पर पर्याप्त सवारियां नहीं मिल रही हैं। इसकी मुख्य वजह यह है कि जरूरत वाले रूट पर बसें नहीं चल रही हैं और जिन रूट पर बसें चल रही हैं, वहां स्टैंड और बस रूट की जानकारी लोगों तक नहीं पहुंच रही है।
पांच रूट पर 50 बसें, पर नहीं बढ़ रही सवारियां
प्राधिकरण महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि वर्तमान में नोएडा की ओर से पांच रूट पर 50 बसें चलायी जा रही हैं, लेकिन इन रूट पर सवारियों की संख्या अपेक्षित नहीं है। नए रूट बनाने और पुराने रूट का विस्तार करने की प्रक्रिया पर काम चल रहा है।
नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से नया रूट बनाने की योजना है, जिसमें एक्सप्रेसवे पर स्थित गांवों, सेक्टरों और सोसायटियों को जोड़ा जाएगा। इसके लिए सर्वेक्षण भी किया गया है। संबंधित रूट पर स्टैंड बनाने और बस रूट नंबर तथा समय की जानकारी भी अंकित की जाएगी।

