इंस्टाग्राम विवाद बना हत्या की वजह, पश्चिम विहार में युवक की चाकू मारकर हत्या

News Desk
3 Min Read

पश्चिमी दिल्ली। पश्चिम विहार वेस्ट थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ विवाद आखिरकार खूनी संघर्ष में बदल गया। इसमें बुधवार सुबह 18 वर्षीय कार्तिक नामक युवक की एक पिता व उसके दो बेटों ने मिलकर सरेआम पहले बेरहमी से पिटाई की गई और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।

मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित नीतीश और उसके दोनों बेटों आकाश व सूरज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल पांच अन्य युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले इंस्टाग्राम पर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी, जिसने अंततः इस हत्या का रूप ले लिया।

पुलिस के अनुसार, ज्वालापुरी कैंप निवासी कार्तिक बुधवार सुबह अपने दोस्तों अनिकेत और लकी के साथ मीरा बाग झुग्गी इलाके में गया था। उसी दौरान वहां कांवड़ यात्रा पर जाने की 10 से 12 युवकों का साथ तैयारी कर रहे आरोपितों से उनका आमना सामना हो गया और वहां उनकी कहासुनी हो गई। पहले से चली आ रही रंजिश के कारण विवाद ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपित नीतीश अपने बेटों आकाश, सूरज और अन्य साथियों के साथ कार्तिक और उसके दोस्तों पर टूट पड़ा। कार्तिक और उसके साथी जान बचाकर भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया। पेट्रोल पंप के सामने कार्तिक को पकड़कर पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई।

इसके बाद एक आरोपित ने उस पर चाकू से कई वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथी अनिकेत पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया गया। वारदात के बाद स्थानीय लोग दोनों घायलों को तुरंत सहगल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने कार्तिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनिकेत का उपचार जारी है।

पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की

पुलिस ने स्वजन की शिकायत पर हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपित पिता नीतीश और उसके दोनों बेटे आकाश व सूरज को कालोनी में ही एक घर से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा पांच अन्य लड़को को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस इंस्टाग्राम पर हुए विवाद, पुरानी रंजिश और वारदात में प्रत्येक आरोपित की भूमिका की पड़ताल कर रही है। साथ ही हिरासत में लिए गए युवकों के आयु संबंधी दस्तावेजों का भी सत्यापन किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment