साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को न्यायखंड-तीन स्थित एक फ्लैट में छापेमारी कर देह व्यापार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने रेस्क्यू कर एक महिला को इस चंगुल से निकाला। साथ ही आरोपित दंपती समेत चार को गिरफ्तार किया है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
फ्लैट पर पुलिस की अचानक रेड, चंगुल से बचाई गई महिला
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मुखबिर ने दंपती द्वारा फ्लैट में देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना दी। सूचना पर छापेमारी की गई। जहां अजय गुप्ता, उसकी पत्नी अमिता, खोड़ा कॉलोनी निवासी आरिफ, शाहजहांपुर जलालाबाद निवासी शगुन गुप्ता को गिरफ्तार किया गया।
एक महिला को रेस्क्यू कर निकाला गया। महिला को बयान दर्ज करने के बाद छोड़ दिया गया है। आरोपितों ने देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकारी है। उनके कब्जे से 8,800 रुपये और दो मोबाइल बरामद हुए।
नौकरी का लालच देकर युवतियों से देह व्यापार
पुलिस पूछताछ में दंपती ने बताया कि कुछ माह पहले फ्लैट किराये पर लिया था। वह वॉट्सएप से महिलाओं, युवतियों से संपर्क करते थे। उनकी फोटो ग्राहकों को भेजकर डील करते थे। महिलाओं, युवतियों को नौकरी दिलाने और रुपयों का लालच देकर बुलाते थे।
एसीपी इंदिरापुरम ने बताया कि ग्राहकों से ली गई कुछ रकम ही महिलाओं को दी जाती थी। मोबाइल में ग्राहकों व देह व्यापार संचालन करने के साक्ष्य मिले हैं। पूछताछ के बाद आरोपितों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।

