संयुक्त जिला अस्पताल में बीपी की दवा अधोमानक मिली, वितरण पर तत्काल रोक

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। सरकारी अस्पतालों में आपूर्ति की गई रक्तचाप की दवा टेल्मिसार्टन 40 मिलीग्राम की एक खेप गुणवत्ता जांच में मानक के अनुरूप नहीं मिलने पर उसके वितरण पर तत्काल रोक लगा दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिले के सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को संबंधित बैच की दवा मरीजों को न देने और उपलब्ध पूरा स्टॉक वापस कराने के निर्देश जारी किए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि स्विस गार्नियर लाइफ साइंसेज, चेन्नई द्वारा आपूर्ति की गई टेल्मिसार्टन 40 मिलीग्राम को उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन की गुणवत्ता जांच में मानक से कम गुणवत्ता का पाया गया है। इसके बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के अपर निदेशक (भंडार), लखनऊ ने 10 जुलाई को इस बैच के वितरण पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए।

इसी आदेश के क्रम में गाजियाबाद के अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संयुक्त चिकित्सालय लोनी, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देशित किया है कि संबंधित बैच की दवा का वितरण तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए।

अस्पतालों और स्वास्थ्य इकाइयों में उपलब्ध शेष दवा को उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन के जनपदीय औषधि भंडार गृह में वापस भेजना सुनिश्चित किया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय ने संबंधित चिकित्सा इकाइयों से आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनपदीय औषधि भंडार गृह के प्रभारी को सभी स्वास्थ्य केंद्रों से दवा की शेष मात्रा प्राप्त कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Share This Article
Leave a Comment