दिल्ली में मकान की छत बनी काल, मलबे में दबकर पति-पत्नी की मौत

News Desk
3 Min Read

पूर्वी दिल्ली।उस्मानपुर इलाके में रविवार देर रात एक मकान की छत गिरने से दंपती की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि उनका 9-10 वर्षीय बेटा सुरक्षित बच गया।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने दोनों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दमकल विभाग के अनुसार, रविवार रात गामरी एक्सटेंशन स्थित हंसराज डेयरी के पास मकान की छत गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही शास्त्री पार्क फायर स्टेशन से तीन वाटर टेंडर और एक रेस्क्यू वाहन मौके पर भेजा गया।

दमकल अधिकारी जब मौके पर पहुंचे, तब तक स्थानीय लोग और पुलिस मलबे में दबे दंपती को बाहर निकाल चुके थे। दोनों को कैट्स एंबुलेंस से जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 32 वर्षीय टिंकू और उनकी 30 वर्षीय पत्नी उर्मिला के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में करीब 120 वर्ग फुट क्षेत्र की छत भरभराकर गिर गई। मकान भूतल और पहली मंजिल का बना हुआ था। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

स्थानीय निवासी बलबीर सिंह परमार ने बताया कि हादसा रात करीब 9:45 बजे हुआ। मकान में पति, पत्नी और उनका छोटा बेटा रहते थे। छत गिरने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला।

परमार ने बताया कि उन्होंने घायल पति को अपनी निजी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।

उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे दंपती

उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने स्थानीय बीट कांस्टेबल को फोन कर सूचना दी। कुछ ही मिनटों में बीट अधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस टीम, दमकल की गाड़ी और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक दंपती मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा या मैनपुरी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में बच गए बच्चे के परिजनों को सूचना दे दी गई है।फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छत गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment