लोनी। बार्डर थाना क्षेत्र में शुक्रवार अल सुबह शांति नगर गेट के सामने तेज रफ्तार एक पिकअप गाड़ी ने आटो में टक्कर मार दी। जिससे आटो में बैठे तीन युवक आटो चालक व पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गये।
सूचना पर पहुंची पुलिस बेहोशी हालत में घायलों को लोनी संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने एक वृद्ध को मृत घोषित कर दिया जबकि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुटटी दे दी है।
महेश (61) परिवार के साथ सोनिया नगर कॉलोनी में रहते थे। वह दिल्ली सदर बाजार में राखी बेचने की पटरी लगाते थे। परिवार में पत्नी तारा, बेटी सुषमा, प्रियंका, बेटा संजीव हैं।
दो महीने पहले हुई थी रितु की शादी
बेटी रितु की दो माह पूर्व शादी हुई है। 20 वर्षीय बेटी शिखा अविवाहित है जो बीमारी से जूझ रही है। मृतक की पत्नी तारा ने बताया कि पति महेश शुक्रवार अल सुबह आटो में बैठकर सदर जा रहे थे।
जब आटो शांतिनगर गेट के सामने दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर पहुंचा। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने आटो में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे आटो में बैठे पति महेश अन्य रमेश व पुष्पेंद्र भी घायल हो गये।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पास के 50 शैय्या संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने महेश को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी। पीड़िता ने बताया कि पति घर के मुखिया थे। जोकि पूरे परिवार का लालन पालन कर रहे थे।
बीमारी से जूझ रही थी शिखा
पति तीन बेटियों की शादी कर चुके थे। एक बेटा संजीव भी शादीशुदा है। लेकिन वह गंभीर बीमार से जूझने के कारण बेड पर है। शिखा नाम की 20 वर्षीय सबसे छोटी बेटी है। वो भी बीमारी से जूझ रही है। पति के जाने के बाद पूरा परिवार अब बेसहारा हो चुका है।
एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि पिकअप गाड़ी के चालक अमित व आटो चालक अनुज भी घटना में घायल हुए हैं। दोनों घायल चालकों का दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने पिकअप गाड़ी व आटो को कब्जे में ले लिया है। पीड़ित परिवार की तरफ से अभी कोई शिकायत नही आई है। शिकायत आने पर कार्रवाई की जायेगी।

