मुश्किल में अंतरिक्ष बिल्डर्स के निदेशक हरेंद्र यादव: फर्जीवाड़े, धमकी और बैंक लोन घोटाले में नोएडा के सेक्टर-24 थाने में केस दर्ज

News Desk
3 Min Read

नोएडा: बिल्डर हरेन्द्र यादव के कई परिसरों पर ईडी और इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी के दौरान नोएडा के सेक्टर-24 थाने में उनके खिलाफ एक और मामला दर्ज हो गया है। अंतरिक्ष बिल्डर्स के निदेशक हरेन्द्र यादव समेत तीन अन्य लोगों पर धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और धमकी देकर इकरारनामा कराने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि बिल्डर ने अगस्त 2023 में उसे एक फ्लैट का कब्जा दिया, लेकिन उससे पहले मार्च 2023 में ही उसी फ्लैट को दो अन्य लोगों के नाम पर गिरवी रखकर IDFC फर्स्ट बैंक से 1 करोड़ 90 लाख रुपये का लोन लिया जा चुका था।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग की छापेमारी के बीच अंतरिक्ष बिल्डर्स के निदेशक हरेंद्र यादव के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है। नोएडा के सेक्टर-24 थाने में दर्ज इस FIR में बिल्डर समेत तीन अन्य लोगों पर 1.90 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और दबाव डालकर इकरारनामा कराने के आरोप लगाए गए हैं।

बता दें कि रियल एस्टेट क्षेत्र में धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर चर्चा में रहे अंतरिक्ष प्रमोटर्स और सनशाइन इन्फ्रावेल के निदेशक हरेंद्र यादव की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई स्थानों पर ईडी और आयकर विभाग की दो दिन की संयुक्त कार्रवाई जारी ही थी कि नोएडा के सेक्टर-24 थाने में उनके खिलाफ एक नया मामला दर्ज हो गया।

जबरन इकरारनामे पर दस्तखत कराए

महिला का आरोप है कि जब उसे इस फर्जीवाड़े की जानकारी मिली और उसने आपत्ति जताई, तो आरोपियों ने उसे कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए धमकाया। आरोप है कि हरेंद्र यादव और उनके साथियों ने महिला को मानसिक रूप से परेशान कर उससे जबरन एक इकरारनामे पर दस्ताखत करवा लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक धमकी से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

जांच एजेंसियों का आरोप है कि हरेंद्र यादव और उनके साथियों ने नकली NRI पहचान पत्रों का सहारा लेकर बैंकों से करोड़ों रुपये के हाउसिंग लोन हासिल किए और मनी लॉन्ड्रिंग की। इसी वित्तीय घोटाले की जांच के तहत शुक्रवार से दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु और चंडीगढ़ में 13 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

जेल जा चुके हैं हरेंद्र यादव

हरेंद्र यादव पहले भी कई विवादों में फंसे रहे हैं। सितंबर 2024 में नोएडा पुलिस ने सोसाइटी के निवासियों से लिए गए बिजली और मेंटेनेंस फंड में कथित करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद जुलाई 2026 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने फ्लैट खरीदारों से ठगी के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था। ईडी की जांच के बीच दर्ज हुई नई FIR से उनकी कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

Share This Article
Leave a Comment