अस्पताल में फंदे पर लटका मिला हरदोई की महिला डाक्टर का शव, पति ने जताई हत्या की आशंका

Rohit Kumar
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में महिला डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. महिला डॉक्टर का शव उसके चेंबर में पंखे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की.

महिला के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है. यह घटना थाना कांट क्षेत्र के एवन अस्पताल की है. डॉक्टर रूचि सक्सेना बतौर फिजीशियन के तौर पर काम कर रही थीं. देर रात अस्पताल के प्रबंधक माया प्रकाश ने पुलिस को सूचना दी कि महिला डॉक्टर का शव पंखे से लटका हुआ है.

महिला डॉक्टर का शव पंखे से लटका मिला

मृतका के पति मुलायम ने बताया कि उनकी पत्नी अस्पताल में ही रहती थी. कभी कभार ही घर पर आती-जाती थीं. मुलायम का आरोप है कि अस्पताल हड़पने के लिए सोनू उर्फ माया प्रकाश ने अपने दो सहयोगी विद्यासागर और पंकज के साथ मिलकर उनकी पत्नी की हत्या की फिर लाश को पंखे से लटका दिया. मौके पर पहुंचकर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने सबूत इकट्ठे किए.

पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. सीओ अमित चौरसिया का कहना है कि गुरुवार सुबह करीब तीन बजे रुचि का शव उनके चैंबर में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला था. मृतका के पति की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है. जांच के हिसाब से ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Share This Article
Leave a Comment