ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने क्षेत्र के तीन गांवों में 6 और 10 प्रतिशत आबादी भूखंडों के नियोजन प्रस्ताव को सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। प्राधिकरण ने सार्वजनिक सूचना जारी कर आम लोगों से आपत्ति और सुझाव मांगे हैं।
प्राधिकरण ग्राम गुलिस्तानपुर, पाली और घंघोला के 6 और 10 प्रतिशत आबादी भूखंडों के नियोजन प्रस्ताव को सीईओ ने सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इससे इन गांवों के पात्र किसानों के आबादी भूखंडों के मामले जल्द निस्तारित होने की संभावना प्रबल हो गई है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नियोजन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गुलिस्तानपुर गांव के मामले में सूचना प्रकाशन की तिथि से 30 दिन के भीतर आपत्ति या सुझाव दिए जा सकते हैं। ग्राम पाली के लिए 16 दिन और ग्राम घंघोला के लिए 15 दिन का समय निर्धारित किया गया है।
कोई भी व्यक्ति या संस्था किसी भी कार्य दिवस में सुबह 9.30 बजे से शाम 6 बजे तक प्राधिकरण के कस्टमर रिलेशन सेल में महाप्रबंधक नियोजन,वास्तु को लिखित रूप में अपना सुझाव दे सकते हैं। आपत्ति या सुझाव भेजने वाले व्यक्ति या संस्था को अपना पूरा नाम, पता और दूरभाष नंबर देना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा प्राधिकरण के नियोजन विभाग के आधिकारिक ई-मेल आइडी पर भी लिखित सुझाव भेजे जा सकते हैं। 6 और 10 प्रतिशत आबादी भूखंड योजना के तहत ग्रेटर नोएडा में अधिग्रहीत गांवों के मूल निवासियों को आवासीय भूखंड उपलब्ध कराता है।
ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने कहा कि नियोजन प्रस्ताव को अंतिम रूप देने से पहले जनता की राय लेना प्राधिकरण की अनिवार्य प्रक्रिया है। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। सभी सुझावों का अध्ययन करने के बाद ही प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति दी जाएगी।

