हल्द्वानी में 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, घरेलू तनाव और नशे की लत की चर्चा

Amit
2 Min Read

नोएडा– ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र के हल्द्वानी इलाके में शनिवार देर रात एक 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान नवरत्न, निवासी गांव बदरका, थाना छतारी, जिला बुलंदशहर के रूप में हुई। नवरत्न कुछ समय से हल्द्वानी में किराये के मकान में रह रहा था और धर्मकांटे पर काम करता था।

जानकारी के अनुसार देर रात नवरत्न नशे की हालत में मकान की बालकनी से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच में सामने आया कि नवरत्न का हाल ही में अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। घरेलू कलह के कारण उसकी पत्नी दो दिन पहले ही अपनी बहन के घर चली गई थी, जिसके बाद नवरत्न अकेले रह रहा था। परिजनों ने बताया कि पारिवारिक तनाव, अवसाद और शराबखोरी की वजह से पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता था।

स्थानीय निवासियों ने भी पुष्टि की कि नवरत्न पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से अस्थिर नजर आ रहा था। आशंका जताई जा रही है कि नशे के प्रभाव में संतुलन खोने से वह बालकनी से नीचे गिर गया होगा। हालांकि मृतक के परिवार का आरोप है कि नवरत्न की हत्या की गई और सबूत छिपाने के लिए शव को बालकनी से फेंका गया।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह घटना दुर्घटना जैसी प्रतीत हो रही है, लेकिन मामले की हर दिशा से जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment