ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के उद्योग विहार एक्सटेंशन, ईकोटेक-2 में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इस सेक्टर को प्राधिकरण आदर्श औद्योगिक सेक्टर के रूप में विकसित करेगा व मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाएगा।
इसके बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य औद्योगिक सेक्टरों में भी इस तरह की व्यवस्था को लागू किया जाएगा।
दरअसल, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आइबीए) के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने औद्योगिक सेक्टरों में आवासीय सेक्टरों के तर्ज पर कूड़ा उठाने की व्यवस्था समेत अन्य सुविधाएं विकसित करने की मांग सीईओ एनजी रवि कुमार के समक्ष रखी थी।
इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्होंने प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस की अगुआई में एक संयुक्त टीम गठित कर सेक्टर का सर्वे कराया।
टीम ने किया निरीक्षण
इसके बाद मंगलवार से एसीईओ के निर्देश पर एजीएम आरडी पांडेय, वरिष्ठ प्रबंधक (स्वास्थ्य) चेतराम सिंह, तथा स्वास्थ्य व वर्क सर्किल सहित संबंधित विभागों की टीमों ने आइबीए अध्यक्ष अमित उपाध्याय, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, वरिष्ठ उद्यमी चंचल कुमार, उद्यमी जेड रहमान आदि की मौजूदगी में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का शुरू करा दिया।
इससे पहले ईकोटेक-3 में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का काम शुरू किया जा चुका है। प्राधिकरण की टीम ने उद्योग विहार एक्सटेंशन, ईकोटेक-2 का निरीक्षण कर सफाई, कूड़ा निस्तारण, ड्रेनेज आदि कार्य एक सप्ताह में कराने का आश्वासन दिया।
आदर्श औद्योगिक क्षेत्र के रूप में किया जाएगा विकसित
प्राधिकरण की तरफ से सड़क एवं अतिक्रमण संबंधी कार्य, पौधरोपण एवं ग्रीन बेल्ट का विकास, स्ट्रीट लाइट, श्रमिक सुविधा केंद्र, सार्वजनिक शौचालय आदि आवश्यक सुविधाएं विकसित करने और उद्योग विहार एक्सटेंशन को आदर्श औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया।
अमित उपाध्याय ने उद्यमियों की समस्याओं को तत्परता से हल कराने के लिए सीईओ एनजी रवि कुमार, एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस सहित प्राधिकरण की पूरी टीम की सराहना की है।

