ग्रेटर नोएडा: दिन में करते थे पॉश इलाकों की रेकी, रात में घरों को बनाते थे निशाना…पैरामाउंट सोसाइटी लूटकांड का खुलासा

News Desk
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा के जीटा-1 स्थित पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी के विला में लूट और चोरी के मामले में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, उनके दो साथियों को कांबिंग के बाद गिरफ्तार किया।

मिली जानकारी के अनुसार, थाना सूरजपुर पुलिस तिलपता गोलचक्कर पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार आती दिखाई दी, जोकि दिल्ली नंबर की थी। कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन कार चालक रुकने के बजाय तेज गति से वाहन को भगा दिया। पुलिस ने जब पीछा किया तो पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। थोड़ी दूरी पर जाकर बदमाश कार को छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और घायल होकर गिर गए।

घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती

घायलों को गिरफ्तार करने के बाद उसके दो अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए जंगल में कांबिंग की। सर्च अभियान चलाया। इस दौरान बदमाशों के दो और साथी पकड़े गए। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार करके आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

चार जुलाई की रात हुई थी लूट

बता दें कि पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी के एक विला में चार जुलाई की देर रात बदमाश ने घुसकर महिला से चाकू की नोक पर लूटपाट की थी। लूटे गए सामान की कुल कीमत 15 लाख रुपये बताई गई थी। महिला ने पुलिस को बताया था कि घर में एक ही बदमाश घुसा था। पुलिस ने अब चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

Share This Article
Leave a Comment