नौकरी और पॉलिसी के नाम पर 1000 लोगों से करोड़ों की जालसाजी, नोएडा में अवैध कॉल सेंटर्स का खुलासा

News Desk
4 Min Read

नोएडा। सेक्टर छह और सेक्टर दो में कार्यालय खोलकर बीमा पॉलिसी रिन्यू कराने और इंडिगो एयरलाइन में नौकरी दिलाने नाम पर ठगने वाले दो अवैध कॉल सेंटर का फेज वन थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया। दोनों जगहों से दो-दो ठगों को पकड़ा।

इन से मोबाइल, एटीएम कार्ड, पासबुक, लैपटाप व दस्तावेज बरामद किए। इंडिगो में नौकरी दिलाने का कॉल सेंटर का सरगना सोनू अभी फरार है। आरोपित दोनों कॉल सेंटर को चलाने संबंधी लाइसेंस नहीं दिखा सके। इनके बैंक खातों और मोबाइल नंबर पर एनसीआरपी पोर्टल पर 25 शिकायत दर्ज हैं।

दो हजार से ज्यादा लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके। पुलिस सरगना और साथियों की तलाश में जुटी है। बता दें कि कॉल सेंटर पर साइबर व्रज अभियान के तहत गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही।

नोएडा फेज वन थाना पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि सेक्टर छह जी-13 के तृतीय तल पर फर्जी कॉल सेंटर संचालित हो रहा। टीम ने छापा मारा तो कॉल सेंटर से दो लोगों को पकड़ा। एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान साहिबाबाद के गगन विहार के तनुज कुमार गोयल और बिहार गया के सरेन गांव के पंकज के रूप में हुई।

वर्तमान में पंकज दिल्ली सकरपुर में किराये पर रहता है। इनसे चार मोबाइल फोन, 17 डेबिट कार्ड, पासबुक, लैपटाप समेत अन्य उपकरण और दस्तावेज बरामद हुए। पूछताछ में पता चला है कि दोनों तीन साल से साथ मिलकर ठगी कर रहे। वह बीमा पॉलिसी, क्रेडिट कार्ड आदि का डाटा अवैध तरीके से प्राप्त करते।

कैसे करते थे ठगी?

बीमा पॉलिसी रिन्यू और रिफंड कराने, ज्यादा क्लेम दिलाने, कम ब्याज दर पर ऋण दिलाने, क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों से संपर्क करते। शत प्रतिशत लाभ दिलाने के नाम पर जाल में फंसाते। इसके एवज में पांच हजार से 3-4 लाख रुपये म्यूल खातों में स्थानांतरित कराते। उसके बाद मोबाइल व सिम कार्ड को नष्ट कर संपर्क तोड़ देते। दोनों चंदौली के जितेंद्र से 3.13 लाख, राज सिंघानिया से पांच हजार रुपये ठगने का पता चला। एनसीआरपी पोर्टल पर 10 शिकायत दर्ज हैं।

उधर, टीम ने सेक्टर दो बी-61 के तृतीय तल पर चल रहे कॉल सेंटर पर छापा मारा। दो महिला समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। एसीपी द्वितीय मयंक तिवारी ने बताया कि आरोपितों की पहचान मैनपुरी के नगलाभजन के मोहित कुमार और फर्रुखबाद के नगला मटीला गांव के आदेश कुमार के रूप में हुई।

वर्तमान में मोहित सेक्टर 31 व आदेश सेक्टर 37 में किराये पर रहता है। दो महिलाओं को नोटिस देकर छोड़ दिया। इनसे दो कंप्यूटर, आठ मोबाइल फोन, एक पेनड्राइव, पांच सिम कार्ड बरामद हुए। पूछताछ में पता चला है कि कॉल सेंटर का संचालक सोनू इंडिगो में ग्राउंड और स्पोर्टिंग स्टाफ की नौकरी की तलाश करने वालों का अवैध तरीके से डाटा एकत्रित करते। इनको महिला स्टाफ से कॉल कराकर जाल में फंसाते।

क्लाइंट के जाल में फंसने पर आगे की डील मोहित व आदेश करते। पंजीकरण व अन्य मद के नाम पर 20 हजार रुपये तक वसूलते। पीड़ितों को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर आदि भेजते। इसके बाद सिम तोड़ देते। इस रकम को म्यूल खातों में मंगाकर खपाते। इनके खिलाफ विभिन्न राज्यों से एनसीआरपी पोर्टल पर 15 शिकायत दर्ज हैं।

Share This Article
Leave a Comment