दक्षिणी दिल्ली। साकेत कोर्ट ने आइआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म और हत्या मामले में आरोपित राहुल मीणा के खिलाफ पुलिस की ओर से दाखिल 973 पन्नों की चार्जशीट पर संज्ञान लिया है।
न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपिका ठाकरान ने शनिवार को मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस को निर्देश दिया कि जांच से जुड़े सभी वीडियो साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए और उनकी जानकारी बचाव पक्ष को भी उपलब्ध कराई जाए।
कोर्ट ने दस्तावेजों की जांच के लिए मामले की अगली सुनवाई एक अगस्त तय की है। साथ ही आरोपित की न्यायिक हिरासत भी तब तक के लिए बढ़ा दी है।
कोर्ट ने चार्जशीट और उससे जुड़े दस्तावेजों की प्रतियां आरोपित की ओर से नियुक्त लीगल एड डिफेंस काउंसिल सायंतनी साहू को उपलब्ध करा दी हैं। बचाव पक्ष को इन दस्तावेजों का अध्ययन करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया है।
सुनवाई के दौरान पुलिस की ओर से कोर्ट को बताया गया कि कुछ फोरेंसिक और अन्य जांच रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हो पायी हैं। इन रिपोर्ट को बाद में सप्लीमेंट्री चार्जशीट के साथ दाखिल किया जाएगा।
पुलिस ने 82 गवाहों के बयान दर्ज किए
बता दें कि सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही आइआइटी स्नातक पीड़िता को 22 अप्रैल की सुबह जिम से घर लौटने के बाद उसके माता-पिता ने कैलाश हिल्स स्थित अपने आवास में मृत पाया था।
आरोपित ने दुष्कर्म व हत्या के बाद आरोपित ने घर से लगभग सात लाख की नकदी चुराई, पीड़िता के भाई के कपड़े पहने और घर से फरार हो गया था। पुलिस ने चार्जशीट में पुलिस ने 82 गवाहों के बयान दर्ज किए हैं।
फोरेंसिक जांच रिपोर्ट का भी हवाला दिया है, जिसमें घटना स्थल पर आरोपित के हथेली व उंगलियों के निशान की पुष्टि हुई है। वहीं डीएनए प्रोफाइलिंग में जांच प्रक्रिया के दौरान मिले ब्लड व सीमेन के सैंपल का आरोपित के डीएनए से सटीक मिलान भी हुआ है।
यूपीएससी की परीक्षा से 33 दिन पहले हैवानियत
कैलाश हिल्स निवासी 22 वर्षीय छात्रा आइआइटी दिल्ली से स्नातक थी। उसे डांस का भी शौक था। कई नृत्य प्रतियोगिताओं में पुरस्कार भी जीते थे। पिता की तरह उसने भी बड़ा अफसर बनने का सपना संजोया। इंजीनियरिंग के बाद यूपीएससी की तैयारी में जुटी।
पिछले एक वर्ष से वह तैयारी कर रही थी। पढ़ाई करने के लिए तीसरे तल के ऊपर अलग से उसके लिए स्टडी रूम बना था। यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को थी। लेकिन परीक्षा से 33 दिन पहले आरोपित ने उसकी जिंदगी ही छीन ली।
