पूर्व राज्यसभा सांसद नरेश गुजराल साइबर ठगी के शिकार, कंपनी खाते से 7.8 करोड़ रुपये उड़ाए

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली: देश में हाई-प्रोफाइल लोगों को निशाना बनाने वाले साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। अब एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल के बेटे और पूर्व राज्यसभा सांसद नरेश गुजराल साइबर ठगों के बड़े जाल में फंस गए हैं। शातिर जालसाजों ने एक ऑनलाइन मैसेजिंग ऐप पर नरेश गुजराल के नाम और उनकी तस्वीर (DP) का इस्तेमाल कर एक फर्जी प्रोफाइल बनाई और उनके वित्तीय कर्मचारियों को झांसे में लेकर कंपनी के खाते से ₹7.8 करोड़ पार कर दिए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ठगी की इस पूरी वारदात को 12 जून से 16 जून के बीच अंजाम दिया गया। ठगों ने नरेश गुजराल बनकर कंपनी के उस कर्मचारी को मैसेज भेजा, जिसके पास वित्तीय लेन-देन का पूरा एक्सेस था। मैसेज में चालाकी से ‘आपातकालीन बिजनेस डील’  का बहाना बनाया गया और बेहद गोपनीयता बरतते हुए तुरंत आरटीजीएस (RTGS) के जरिए पैसे ट्रांसफर करने का दबाव डाला गया।

 मैसेजिंग ऐप पर अपने असली बॉस की फोटो और नाम देखकर कर्मचारी को कोई शक नहीं हुआ। उसने इसे नरेश गुजराल का ही आदेश समझा और चार दिनों के भीतर अलग-अलग किश्तों में चार आरटीजीएस ट्रांजैक्शन कर दिए। इसके जरिए कुल 7.8 करोड़ रुपये ठगों द्वारा दिए गए बैंक खातों में ट्रांसफर हो गए। ठगी का एहसास होने पर इस मामले की शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को एक ई-एफआईआर (e-FIR) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगे गए पैसों में से ₹4.28 लाख की राशि को फ्रीज करा दिया है और बाकी रकम की बरामदगी के लिए बैंक खातों को ट्रैक किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment