स्कूल ट्वॉयलेट में गंदगी मिलने पर फर्म पर लगाया 10 हजार का जुर्माना

Rohit Kumar
2 Min Read

–एसीईओ मेधा रूपम ने मायचा गांव व प्राथमिक स्कूल का किया निरीक्षण

–तीन सफाईकर्मी नदारद मिले, उनके एक दिन के वेतन काटने के आदेश

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की रितु माहेश्वरी के निर्देश पर ग्रेटर नोएडा की साफ-सफाई की व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत एसीईओ मेधा रूपम ने सोमवार को आदर्श ग्राम मायचा का जायजा लिया। एसीईओ सुबह सबसे पहले गांव के प्राथमिक स्कूल पहुंच गईं, वहां ट्वॉयलेट में गंदगी देख बहुत नाराज हुईं। उसकी तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई से संबंधित फर्म ओवाईएनएक्स मैनेजमेंट सर्विसेज पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने का आदेश दिया है।

इसके बाद एसीईओ मेधा रूपम मायचा गांव की गलियों में घूमीं। वहां चल रहे विकास कार्यों व सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ठेकेदार के तीन सफाईकर्मी भी नदारद मिले। एसीईओ ने उनके एक दिन का वेतन काटने के आदेश जारी कर दिए हैं। एसीईओ ने सेक्टर इकोटेक-10 का भी जायजा लिया। सेक्टर में साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एसीईओ ने कहा है कि गांवों व सेक्टरों में सफाई व्यवस्था परखने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। एसीईओ के निरीक्षण के दौरान ओएसडी रजनीकांत, वरिष्ठ प्रबंधक उत्सव निरंजन और सहायक प्रबंधक गौरव बघेल भी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment