गाजियाबाद में परफ्यूम की फैक्ट्री में आग लगी: लाखों का सामान जलकर राख, दमकल की 6 गाड़ियों ने साढ़े तीन घंटे में पाया काबू

News Desk
3 Min Read

ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार तड़के गत्ते और कार परफ्यूम बनाने वाली फैक्टरी में भीषण आग लग गई। आग फैक्टरी के प्रथम तल पर पूरे हिस्से में फैल गई। सूचना मिलने पर लोनी फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए वैशाली, साहिबाबाद और बागपत के खेकड़ा फायर स्टेशन से भी एक-एक दमकल गाड़ी बुलाई गई। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद छह दमकल गाड़ियों की मदद से सुबह 7:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह के अनुसार, बुधवार सुबह 4:24 बजे ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर बी-3 स्थित प्लॉट नंबर डी-4 पर संचालित कुमार पैकर्स फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली थी। फैक्टरी के स्वामी मनोज कुमार हैं। सूचना मिलते ही लोनी फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि साढ़े तीन मंजिला इमारत के प्रथम तल पर आग पूरी तरह फैल चुकी थी। फैक्टरी के कर्मचारी वहां लगे अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किए।

दमकलकर्मियों ने जीने के रास्ते और बगल की फैक्टरी की छत से पानी की लाइन बिछाकर दोनों तरफ से आग बुझाने का काम शुरू किया। साथ ही आग को इमारत के अन्य तलों तक फैलने से रोकने के प्रयास किए गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वैशाली, साहिबाबाद और खेकड़ा फायर स्टेशन से भी दमकल गाड़ियां बुला ली गईं। सुबह 7:30 बजे तक आग पूरी तरह बुझा दी गई। इसके बाद फैक्टरी में रखे सामान को हटाकर उसकी जांच की गई, ताकि नीचे सुलग रही आग और धुएं को भी पूरी तरह शांत किया जा सके।

प्रथम तल पर बनता था कार परफ्यूम

फैक्टरी के भूतल पर गत्ते बनाने का काम होता है, जबकि प्रथम तल पर कार परफ्यूम आदि बनाने का काम किया जा रहा था। आग लगने का शुरुआती कारण शॉर्ट सर्किट लग रहे हैं। हालांकि इसकी जांच की जा रही है। दमकल विभाग के अनुसार, हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। बचाव और अग्निशमन कार्य के दौरान स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

Share This Article
Leave a Comment