
पूर्वी दिल्ली। लक्ष्मी नगर स्थित मंगल बाजार रोड पर स्थित एक कार्यालय में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई। आग पहली मंजिल पर स्थित करीब 60 वर्ग गज के कार्यालय में लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे ऑफिस को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की चपेट में आने से कार्यालय में लगा बिजली का मीटर, एसी, फर्नीचर और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जलकर राख हो गए। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि आग लगने के समय कार्यालय में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
दमकल विभाग के अनुसार, सुबह करीब आठ बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
