
गाजियाबाद। टीलामोड़ थाना पुलिस ने भोपुरा तिराहे के पास एक किराये की इमारत के बेसमेंट में कथित रूप से अवैध रूप से संचालित हुक्का बार का खुलासा करते हुए एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से चार हुक्का पाइप सहित हुक्के में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को सूचना मिली थी कि भोपुरा तिराहे के पास एक किराये की इमारत के बेसमेंट में पिछले दो-तीन दिनों से अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से अर्जुन पुत्र अशोक कुमार (19 वर्ष) और नंदिनी पुत्री सुरेश (26 वर्ष), निवासी नंद नगरी, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार हुक्का पाइप, फ्लेवर्ड तंबाकू के दो पैकेट, फ्लेवर्ड तंबाकू से भरा एक प्लास्टिक का डिब्बा, दो चिमटे तथा कोयला गर्म करने वाला एक छोटा इलेक्ट्रिक हीटर बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे भोपुरा तिराहे के पास किराये की इमारत के बेसमेंट में पिछले दो-तीन दिनों से चोरी-छिपे हुक्का बार चला रहे थे। वहां लोगों को फ्लेवर्ड तंबाकू उपलब्ध कराया जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने इससे आर्थिक लाभ अर्जित किया।
बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ टीलामोड़ थाने में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 की धारा 21/22 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
