Delhi Solar Policy: दिल्ली में 3 किलोवाट तक के सोलर प्लांट बिल्कुल मुफ्त, ₹1.56 लाख तक की सब्सिडी; 1 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन

News Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

दिल्ली सरकार इस संकल्प को आगे बढ़ाते हुए लोगों को सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। दिल्ली में तीन किलोवाट तक के सौर ऊर्जा संयंत्र निश्शुल्क लगाए जा रहे हैं।

1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी

इससे अधिक क्षमता वाले संयंत्र पर 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। दिल्ली में अब तक एक लाख से अधिक लोगों ने इसके लिए पंजीकरण कराया है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को भारत मंडपम में आयोजित भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट और एक्सपो में दिल्ली की सोलर नीति, स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार और सौर ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार के प्रयासों की जानकारी दी।

उनके साथ केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार केंद्र सरकार के साथ कदमताल करते हुए राजधानी को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हर छत स्वच्छ ऊर्जा का स्रोत बने

सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी की हर छत स्वच्छ ऊर्जा का स्रोत बने, हर परिवार को बिजली बिल में राहत मिले और दिल्ली सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत करे।

आज पूरी दुनिया एक-दूसरे का हाथ थामकर स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। दिल्ली सरकार स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

सरकार का प्रयास है कि सौर ऊर्जा केवल एक तकनीकी पहल न रहे, बल्कि दिल्ली के हर परिवार की जीवनशैली का हिस्सा बने।

Share This Article
Leave a Comment