
इंस्टाग्राम पर दोस्ती करने के बाद कपड़ों की दुकान के प्रमोशन के बहाने युवती को मुरादनगर बुलाकर जंगल में बंधक बनाने और चाकू दिखाकर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती से 20 हजार रुपये की मांग की। डर के कारण युवती ने पांच हजार रुपये ऑनलाइन और 9800 रुपये नकद दे दिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि गौतमबुद्धनगर के बादलपुर थाना क्षेत्र की रामविहार कॉलोनी, छपरौली निवासी लक्ष्मी कुमारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि इंस्टाग्राम पर उसकी एक युवक से बातचीत हुई थी। युवक ने कपड़ों की दुकान का प्रमोशन कराने के बहाने उसे मुरादनगर बुलाया। इसके लिए युवती तैयार हो गई। आरोपी ने उसे दुहाई पुलिस चौकी पर पहुंचने के लिए कहा। वहां पहुंचने पर युवक उसे बाइक पर बैठाकर रैपिड रेल यार्ड के पास जंगल में ले गया।
आरोप है कि जंगल में पहुंचने पर युवक ने चाकू निकालकर 20 हजार रुपये मांगे और रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण युवती ने पांच हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए और 9800 रुपये नकद दे दिए। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की। किसी तरह युवती वहां से निकलकर सड़क पर पहुंची और थाने जाकर शिकायत दी। एसीपी ने बताया कि युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रियांशु त्यागी निवासी बसेड़ा, थाना नागल, जिला सहारनपुर, हाल निवासी स्वर्ण जयंतीपुरम, मधुबन बापूधाम गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया गया है।
