ब्लूटूथ बैटरी फीचर को लेकर ई-रिक्शा चालक सतर्क, मैकेनिक के पास लग रही भीड़

News Desk
4 Min Read

पूर्वी दिल्ली। चाइनीज एप से कनेक्ट करके ई-रिक्शा को रोकने की घटनाएं सामने आने के बाद ई-रिक्शा चालक सतर्क दिखाई दे रहे हैं। शनिवार को बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालकों ने मैकेनिक के पास पहुंचकर अपनी बैटरी का ब्लूटूथ फीचर बंद करवाया।

हालांकि अभी भी बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालक ऐसे हैं, जिन्हें बैटरी के ब्लूटूथ फीचर की जानकारी ही नहीं है। उधर, एप पर रोक लगने के बाद दिल्ली में ई-रिक्शा रोके जाने की घटना भी सामने नहीं आई।

वीडियो से मिली जानकारी

शाहदरा के एक ई-रिक्शा मैकेनिक की दुकान में बैटरी का ब्लूटूथ फीचर बंद करवाने के लिए 50 से अधिक चालक पहुंचे। चालकों ने बताया कि उन्हें वीडियो के माध्यम से यह जानकारी मिली थी कि ब्लूटूथ के जरिए बैटरी तक अनधिकृत पहुंच बनाई जा सकती है, जिससे बैटरी को लाक करना या खराब करना संभव हो सकता है। कुछ लोगों के ई-रिक्शा बंद भी कर दिए गए।

ऐसे में वे किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहते। कई चालक एहतियात के तौर पर बैटरी का पासवर्ड भी बदलवा रहे हैं, ताकि सुरक्षा और मजबूत हो सके। शाहदरा के रिक्शा मैकेनिक रिहान ने बताया कि कई लोग सिर्फ जानकारी लेने के लिए भी पहुंच रहे हैं।

हालांकि, बड़ी संख्या में ऐसे चालक भी हैं जिन्हें अब तक यह नहीं पता कि उनकी बैटरी में ब्लूटूथ फीचर है या नहीं और उससे क्या खतरा हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि बीएमएस तकनीक बैटरी की निगरानी के लिए उपयोगी है, लेकिन अगर इसकी सुरक्षा ठीक से न की जाए तो दुरुपयोग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में चालकों को जागरूक करना बेहद जरूरी है।

जागरूकता और एप बंद होने से लगी घटनाओं पर रोक

केंद्र सरकार ने बीएटी-बीएमएस समेत सभी चाइनीज एप पर रोक लगा दी है जिनसे बैटरी को बंद किया जा सकता था। ऐसे में शनिवार को इै-रिक्शा रोकने का कोई मामला सामने नहीं आया। विशेषज्ञों के अनुसार अभी भी जिनके मोबाइल में पहले से एप इंस्टाल है, वे शरारती तत्व रिक्शा रोक सकते हैं। इसलिए रिक्शा चालकों को जागरूकता दिखाते हुए बैटरी के ब्लूटूथ को बंद करवाना होगा या पासवर्ड लगाना होगा।

चालक बोले

शाहदरा में ई-रिक्शा चलाने वाले चालक अशोक ने बताया कि पहले हमें इस तकनीक के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन अब सुनने में आ रहा है कि ऐप के जरिए बैटरी को कंट्रोल किया जा सकता है। इसलिए हमने मैकेनिक के पास जाकर ब्लूटूथ बंद करवा दिया है।

लक्ष्मी नगर में रिक्शा चला रहीं सीमा ने बताया कि रोजी-रोटी इसी पर निर्भर है। बेटे ने बताया कि कैसे ई-रिक्शा बंद किए जा रहे हैं, इसलिए ब्लूटूथ बंद करवा रहे हैं। कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहते। जो भी जरूरी सावधानी है, वह कर रहे हैं। सभी लोगों को अपनी बैटरी का पासवर्ड बदल देना चाहिए।

Share This Article
Leave a Comment