दिल्ली: नाबालिग से दरिंदगी के बाद FIR को लेकर दो थानों में 24 घंटे विवाद, SHO लाइन हाजिर

News Desk
4 Min Read

बाहरी दिल्ली। राजधानी में महिला सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस नित नए माडल बना रही है। पहले पिंक बूथ, वूमेन पीसीआर और अब महिला थाना। लेकिन इसके बावजूद पीड़ित महिलाओं को अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए दो थाना क्षेत्र की सीमा विवाद में पिसना पड़ता है। एक ऐसे ही मामले में मासूम नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और दरिंदगी की शिकायत को लेकर दो थाना क्षेत्र में विवाद होता रहा।

आरोप है कि मासूम किशोरी को नशीला पेय पदार्थ पिलाने के बाद उसके साथ न केवल सामूहिक दुष्कर्म किया गया बल्कि उसे चाकू भी मार दिए गए। हालांकि पुलिस ने इस घटना में सिर्फ एक युवक के शामिल होने की बात स्वीकार की है जबकि दूसरे की भूमिका को लेकर छानबीन किए जाने का दावा किया। इस बीच मामले में लापरवाही बरतने के चलते जहांगीरपुरी थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

सड़कों पर सोने लगी थी लड़की

जानकारी के अनुसार पीड़ित किशोरी पहले अपने माता-पिता के साथ रोहिणी इलाके में रहती थी। वह नशा का सेवन करने की आदी है। किशोरी फरवरी 2025 से अपना घर छोड़कर रोहिणी सेक्टर 5 में अपनी तीन सहेलियों के साथ रहने लगी थी । उसने पुलिस को बताया है कि लगभग 10-15 दिन पहले वह सहेलियों का घर छोड़कर सड़कों पर सोने लगी।

इसी दौरान करीब 10 दिन पहले, आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास उसकी मुलाकात एक युवती से हुई । उसने पुलिस को बयान दिया है कि कुछ देर के बातचीत में ही दोनों के बीच दोस्ती हो गई और बाद में वह युवती नाबालिग लड़की को लेकर अपने घर जहांगीरपुरी लेकर आ गई।

जहां पर दोनों साथ-साथ रहने लगी। इसी दौरान आरोपित युवती ने उसे दो लड़के से मिलवाया। जिसने युवती की मौजूदगी में बृहस्पतिवार को उसे कोई नशीला पेय पदार्थ पीने को दिया। जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

दुष्कर्म के दौरान जब उसने विरोध जताया तब उसके पीठ और हाथ में चाकू भी मार दिए गए । वह बुरी तरह जख्मी हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपित मौके से भाग खड़े हुए और बाद में उसे जब होश आया तब वह वहां से भाग कर किसी तरह आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन पहुंची थी। जहां बदहवास हालत में किशोरी को देखकर इसकी सूचना शुक्रवार को पुलिस को दी गई थी।

हैरानी की बात तो यह है कि पीसीआर कॉल मिलने के बावजूद इस घटना की प्राथमिकी दर्ज करने को लेकर काफी देर तक थाना आदर्श नगर और जहांगीरपुरी के बीच विवाद होता रहा। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद लगभग 24 घंटे बाद पोक्सो समेत कई और धाराओं में जहांगीरपुरी थाने में मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई। लेकिन कोई आरोपित नहीं पकड़ा जा सका है।

नशे की आदी है लड़की

पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव का कहना है कि अभी सिर्फ दुष्कर्म की बात सामने आई है। एक आरोपित की पहचान की गई है, अगर दूसरे की भूमिका सामने आई, तो कार्रवाई होगी। लड़की नशे की आदी है।

उनके अनुसार लड़की ने एक युवक की पहचान की है जबकि दूसरे की भूमिका के बारे में छानबीन की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि लड़की को उपचार के बाद बख्तावरपुर के सेंटर होम भिजवाया गया है,जहां उसकी काउंसलिंग की जा रही है।

सूत्रों का कहना है कि इसी मामले को लेकर जहांगीरपुरी थाने के एसएचओ सतविंदर सिंह को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी उनको लाइन में भेजे जाने के पीछे प्रशासनिक कारण बता रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment