दिल्ली-NCR में मौसम के दोहरे तेवर: नोएडा से गुरुग्राम तक सड़कों पर उड़ा धूल का गुबार

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मौसम के तेवर लगातार बदल रहे हैं। मंगलवार को दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में तेज धूल भरी हवाओं के चलने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। सड़कों पर धूल का गुबार उड़ने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तेज हवाओं का सबसे ज्यादा असर खुले में दुकान लगाने वाले दुकानदारों पर पड़ा है, जिनके सामान हवा में उड़ने लगे और कई लोगों को समय से पहले ही अपनी दुकानें समेटनी पड़ीं।

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में बादलों की आंशिक आवाजाही और तीखी धूप के बीच उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। स्थिति यह है कि बिना एसी (AC) के लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिनभर धूप और बादलों की लुकाछिपी का दौर जारी रहेगा।

एक तरफ जहां लोग गर्मी और धूल भरी हवाओं से परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ राहत की बात यह है कि दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता अभी भी नियंत्रण में है। मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 145 दर्ज किया गया, जिसे ‘मध्यम’ श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा की स्थिति ‘संतोषजनक’ से ‘मध्यम’ श्रेणी के बीच बनी हुई है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक वायु गुणवत्ता के इस स्तर में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

Share This Article
Leave a Comment