मजदूरी के लिए काम के बहाने आये थे दून, रेकी कर वर्कशॉप में की चोरी, 2 गैंगस्टर समेत 3 गिरफ्तार

Amit
3 Min Read

देहरादून। पटेलनगर में एक मोटर वर्कशॉप में चोरी के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य सरगना समेत 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त 15 दिन पूर्व ही डकैती के अपराध में जेल से जमानत पर बाहर आये थे। पकड़े गए अभियुक्त मजदूरी का काम ढूंढने दून आये थे ,जहां उनके द्वारा शहर में रेकी कर पटेलनगर में चोरी को अंजाम दिया गया था। गिरफ्तार 3 अभियुक्तो में से 2 अभियुक्त पश्चिमी उत्तरप्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर है।

बीती शनिवार को वादी राशिद मलिक पुत्र नसरुद्वीन मलिक निवासी- मेहूंवाला माफी नया नगर, पटेलनगर में तहरीर दी कि उनकी शिमला बाईपास स्थित मोटर वर्कशॉप की दुकान से अज्ञात चोरों द्वारा नगदी व अन्य सामान चोरी कर लिया गया है। मामले में पुलिस द्वारा पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर आस-पास तथा आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों का बारीकी से खंगालते हुए संदिग्ध अभियुक्तो के विषय मे जानकारी एकत्रित की व ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वाले अभियुक्तो के विषय मे जानकारी जुटाई गई।

पुलिस टीम द्वारा किये जा रहे लगातार प्रयासो से कल रविवार को चैकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर 3 अभियुक्तों
साबेज(26) पुत्र ताहसिन निवासी बरगद कालोनी थाना मंडी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, बिलाल(32) पुत्र वसीम निवासी खाता खेडी स्वराज कालोनी, थाना मंडी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, आरिफ(33) पुत्र अशफाक निवासी ग्राम तेलीवाला रुडकी, जिला हरिद्वार को चन्द्रमणी भुत्तोवाला चौक से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से घटना में चोरी की गई 02 बैटरी एक्साइड ईको, 04 अदद आई-20 एल0ई0डी0 हैड लैमप्स तथा 8 हज़ार रुपये की नगदी बरामद की गई। पूछताछ के दौरान अभियुक्तो ने बताया कि उनके गैंग का सरगना बिलाल है। अभियुक्त नशे के आदी हैं तथा पूर्व में भी चोरी, लूट तथा अन्य आपराधिक घटनाओ में जेल जा चुके हैं। अभियुक्त आरिफ को पूर्व में सहारनपुर पुलिस द्वारा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। तीनों अभियुक्त लगभग 15 दिन पूर्व ही डकैती के एक अभियोग में जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आये हैं।

अभियुक्त शावेज के खिलाफ सहारनपुर के कोतवाली मंडी में 2, बिलाल के खिलाफ 8,आरिफ के खिलाफ मुकदमे दर्ज है। अभियुक्त बिलाल व ऐरफ गैंगस्टर एक्ट में कुख्यात है।

Share This Article
Leave a Comment