दिल्ली- दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली है। तेज हवाओं और कई इलाकों में हुई बारिश ने भीषण गर्मी पर फिलहाल ब्रेक लगा दिया है। राजधानी समेत नोएडा के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं से लोगों को राहत महसूस हुई।
मौसम विभाग ने 29 और 30 अप्रैल के लिए बारिश और गरज-चमक का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक इन दो दिनों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम में इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को लू और उमस से राहत मिलेगी।
सोमवार रात चली धूल भरी आंधी के बाद तापमान में भी कमी आई और करीब छह दिन बाद अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे 39.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग का कहना है कि एक और दो मई को मौसम साफ रह सकता है और तापमान फिर 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है।
हालांकि तीन और चार मई को फिर मौसम बदलने के संकेत हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
