नई दिल्ली – दिल्ली जल बोर्ड ने उपभोक्ताओं को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार, कुछ जालसाज खुद को जल बोर्ड का कर्मचारी बताकर लोगों को फोन, एसएमएस या व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर रहे हैं और पानी का कनेक्शन बंद करने की धमकी देकर तुरंत पैसे जमा करने का दबाव बना रहे हैं।
जल बोर्ड ने साफ किया है कि इस तरह के कॉल या संदेश पूरी तरह से फर्जी हैं और इनका विभाग से कोई संबंध नहीं है। विभाग कभी भी उपभोक्ताओं से फोन या मैसेज के जरिए भुगतान नहीं मांगता, न ही किसी बाहरी व्यक्ति को इस तरह की वसूली के लिए अधिकृत करता है। सभी आधिकारिक सूचनाएं केवल लिखित नोटिस या विभाग के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही दी जाती हैं।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि किए कोई भुगतान न करें। साथ ही, अपनी निजी जानकारी जैसे बैंक डिटेल्स या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।
यदि किसी को इस तरह की धोखाधड़ी का सामना करना पड़ता है, तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या सरकारी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा, किसी भी जानकारी की पुष्टि के लिए संबंधित कार्यालय या जल बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क किया जा सकता है।

