साहिबाबाद में बिजली पोल में करंट से गोवंश की मौत, लापरवाही पर उठे सवाल

News Desk
3 Min Read

साहिबाबाद। डिफेंस कॉलोनी के ए-ब्लाक में बिजली के पोल में बीते कई दिन से करंट उतर रहा था। स्थानीय लोग इसकी शिकायत विद्युत निगम में बीते कई दिन से रहे थे, लेकिन न तो कोई अधिकारी पहुंचा और न ही कोई कर्मचारी।

विद्युत निगम के अधिकारियों की लापरवाही के कारण करंट की चपेट में आने से शनिवार सुबह गोवंशी की मौत हो गई। गनीमत रही कि करंट की चपेट में आसपास खेलने वाले बच्चे या अन्य लोग नहीं आए, नहीं तो अनहोनी हो सकती थी। वहीं लोगों का आरोप है कि शिकायत लेकर कृष्णा विहार कुटी बिजलीघर पहुंचे तो अधिकारियों ने अभद्र व्यवहार किया।

कॉलोनी के राहुल शर्मा ने बताया कि उनके घर के बिल्कुल सामने लोहे का बिजली का पोल है। इसमें करीब 15 दिन से करंट उतर रहा था। पोल में करंट उतरने के कारण बच्चों को भी घर से बाहर नहीं भेज रहे थे।

अधिकारियों को करते रहे कॉल पर किसी ने नहीं उठाया

इसकी शिकायत विद्युत निगम के अधिकारियों से लगातार कर रहे थे, लेकिन कोई भी अधिकारी या कर्मी समाधान करने के लिए नहीं पहुंचा। इससे रोजाना हादसा होने की संभावना बनी रही और लोगों में डर का माहौल रहा।

शनिवार सुबह करीब आठ बजे पोल के पास से गुजर रहा गोवंशी इसकी चपेट में आ गई। वह करीब 20 मिनट तक करंट से तड़पती रही। इस दौरान भी अधिकारियों को कॉल की, लेकिन कोई नहीं पहुंचा।

आखिर में गोवंशी की मौत हो गई। इसके बाद कॉलोनी के लोग एकत्रित होकर कृष्णा विहार कुटी बिजलीघर पहुंचे तो समस्या सुनने के बजाय एक्सईएन ने अभद्र व्यवहार करते हुए डायल-112 पर काल कर पुलिस बुला ली। इसके बाद एसडीओ बृजमोहन दुबे ने आकर लोगों की समस्या सुनी और समाधान का आश्वासन दिया।

अगर एक्सईएन ने लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया है तो इसकी जांच की जाएगी। हमारा कार्य लोगों की समस्या सुनना है। साथ ही पोल में करंट उतरने की शिकायत करने पर भी समाधान न होना घोर लापरवाही है। स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
-नरेश भारती, मुख्य अभियंता, विद्युत निगम जोन-दो।

Share This Article
Leave a Comment