ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में डेल्टा-3 ब्लाॅक की सर्विस रोड पर खड़ी कार में एक युवक का रक्त रंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय सौराज पुत्र प्रेमराज के रूप में हुई है।
गश्त के दौरान पुलिस की नजर पड़ी
पुलिस के अनुसार रविवार की रात स्थानीय पुलिस लेपर्ड डेल्टा-3 ब्लॉक में गश्त कर रही थी। साईं मंदिर गोल चक्कर से तिराहे की ओर जाते समय सर्विस रोड पर एक स्कार्पियो कार खड़ी दिखाई दी।
कार की बैक लाइट और टेल लाइट जल रही थीं। पुलिस कर्मियों ने चालक को गाड़ी हटाने के लिए आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
ड्राइविंग सीट पर मिला शव
पास जाकर देखा तो ड्राइविंग सीट पर बैठे व्यक्ति के शरीर से खून बह रहा था और सीट के पास एक तमंचा भी पड़ा था। पुलिस ने तत्काल उच्चाधिकारियों और फोरेंसिक टीम को सूचना दी।
घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली का ही रहने वाला था मृतक
मृतक सौराज मूल रूप से ग्राम जुमरथपुर, दिल्ली का रहने वाला था और वर्तमान में मिग्सन ग्रीन सोसायटी, थाना सूरजपुर में रह रहा था।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है।

