नई दिल्ली। करोड़ाें की रंगदारी न देने पर शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या में शामिल कुख्यात गैंग्सटर जितेंद्र मान उर्फ गोगी गिरोह के शूटर आर्यन और सत्यम के अलावा नरेला में प्रापर्टी डीलर प्रमोद कुमार की हत्या में शामिल कुख्यात गैंग्सटर हिमांशु उर्फ भाऊ व नीरज फरीदपुर गिरोह के शूटर दीपक, नीतिक और कुलदीप उर्फ काला की पहचान कर लेने के बावजूद दिल्ली व यूपी पुलिस इन्हें नहीं दबोच पा रही है।
नरेला में प्रापर्टी डीलर प्रमोद कुमार पर जिम के बाहर दीपक व नीतिक ने ताबड़तोड़ 16 गोलियां मारी थी।जिम के सामने एक शख्स के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे और उस सड़के पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के जरिये तीनाें बदमाशों की दिल्ली पुलिस ने पहचान कर ली है।
तीनों में दीपक, हरियाणा के दादरी और नीतिक, गोहाना का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि ये दोनों काफी समय से हिमांशु व नीरज से जुड़े हुए हैं और इनके निर्देश पर शूट आउट की कई वारदात को अंजाम दे चुके हैं।
तीसरे शूटर का नहीं मिला पता
तीसरा शूटर कुलदीप, कहां का रहने वाला है पुलिस को इस बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। प्रमोद कुमार की हत्या के तीन दिन बीत जाने के बावजूद शूटरों के नहीं पकड़े जाने पर नरेला इलाके मेें स्थानीय लोगों का आक्रोश पुलिस के प्रति बढ़ता जा रहा है।
प्रापर्टी डीलर के स्वजन शूटरों को यूपी की तर्ज पर मुठभेड़ में मार गिराने के बाद ही शव लेने की बात पर अड़े हुए हैं। जिससे पुलिस पर भी दबाव बढ़ रहा है।
स्पेशल सेल व क्राइम ब्रांच समेत उत्तरी रेंज के तीनों जिले की पुलिस शूटरों को जल्द पकड़ने के लिए कोशिश में जुटी तो है लेकिन उन्हें सफलता हासिल नहीं हो रही है। गोहाना व दादरी से पुलिस ने दो शूटरों के कई स्वजन को दबाब बनाने के लिए हिरासत में ले रखा है।
शामली शूट आउट के आरोपी मार गिराए गए
उधर शामली शूट आउट में शामिल सोनीपत के दो बदमाश सुमित और मोहित को तो यूपी एसटीएफ बीते हफ्ते शामली में मुठभेड़ में मार गिराया था।
वारदात में शामिल सोनीपत के ही दो अन्य शूटर आर्यन व सत्यम पर यूपी पुलिस ने एक-एक लाख का इनाम रख दिया है और दोनों काे पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल व क्राइम ब्रांच से भी यूपी पुलिस ने मदद मांगी है। पांचों शूटरों की तलाश में दिल्ली और यूपी पुलिस की दर्जनों टीमें दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में छापेमारी कर रही है।
