फरीदाबाद: फरीदाबाद में साइबर अपराधियों ने ठगी की दो घटनाओं को अंजाम देकर करीब 11 लाख रुपये हड़प लिए। एक मामले में क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने और प्वाइंट्स रिडीम कराने का झांसा देकर धोखाधड़ी की गई, जबकि दूसरे मामले में ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर रकम ठगी गई।
पहला मामला सेक्टर 22 निवासी अजय कुमार सिंह के साथ हुआ। उन्होंने बताया कि उन्हें एक्सिस बैंक के कर्मचारियों के नाम पर एक कॉल आया, जिसमें क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और प्वाइंट्स रिडीम करने का झांसा दिया गया। कॉलर द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक कर उन्होंने अपनी निजी जानकारी साझा कर दी। इसके बाद उनके कार्ड से ₹2,38,000 की अवैध ट्रांजेक्शन कर दी गई।
दूसरे मामले में सेक्टर 8 निवासी प्रवेश शर्मा को घर बैठे ट्रेडिंग से मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। आरोपियों ने उन्हें अलग-अलग नंबरों से कॉल कर विश्वास में लिया और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश करने को कहा। प्रवेश शर्मा ने ₹8,75,000 की ट्रांजेक्शन की, लेकिन जब उन्होंने मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो उनका खाता फ्रीज कर दिया गया। उसी समय उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
दोनों मामलों की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि अनजान कॉल या लिंक पर विश्वास न करें और किसी भी वित्तीय जानकारी को साझा करने से बचें।
