
नोएडा- दादरी कोतवाली क्षेत्र में दबंगई का एक और मामला सामने आया है, जहां मामूली कहासुनी के बाद कार वर्कशॉप में घुसकर बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि कार का एसी ठीक करने से मना करने पर नाराज युवकों ने पहले विवाद किया और फिर साथियों के साथ लौटकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में चार लोग घायल हो गए।
पीड़ित वर्कशॉप संचालक के मुताबिक आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की, फिर कुछ देर बाद कई लोगों के साथ वापस आकर हमला बोल दिया। अचानक हुई मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में खुलेआम मारपीट की तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की बात कही है।
