ग्रेटर नोएडा : गौतमबुद्ध नगर की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव का ट्रेलर दिखने लगा है। पहले दादरी में समाजवादी पार्टी (सपा) ने बड़ी सभा कर चुनावी माहौल बनाया। इसके बाद बीजेपी ने भी दादरी में शक्ति प्रदर्शन किया। अब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने दनकौर से जिले में अपना चुनावी अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है।
बसपा के राष्ट्रीय को ऑर्डिनेटर आकाश आनंद 25 अगस्त को दनकौर में जनसभा करेंगे। ऐसे में चर्चा है कि बसपा जिले में अपने पुराने सियासी गढ़ को दोबारा मजबूत करने की कोशिश कर रही है। दनकौर के आदर्श इंटर कॉलेज के खेल मैदान में होने वाली सभा को कार्यकर्ता सम्मेलन का नाम दिया गया है। मंच से जेवर विधानसभा सीट से उम्मीदवार की घोषणा हो सकती है इस सभा में आकाश आनंद मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
जेवर-दादरी में कभी था बसपा का दबदबा
जेवर को बसपा के लिए इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि यह सीट पार्टी का पुराना और मजबूत गढ़ रही है। 2002 नरेंद्र कुमार, 2007 में होराम सिंह और 2012 में वेदराम भाटी बसपा के टिकट पर जीते थे। दादरी सीट पर भी बसपा का दबदबा रहा है। यहां सतवीर गुर्जर लगातार विधायक रहे थे।
भीड़ के जुटने से तय होगा वर्चस्व
बसपा के लिए यह सभा जिले में मिशन-2027 के आगाज के तौर पर देखी जा रही है। अब देखना होगा कि आकाश आनंद की सभा में कितनी भीड़ जुटती है और पार्टी अपने पुराने कैडर को कितना सक्रिय कर पाती है।
जेवर सीट पर सभा करने की यह वजह
बसपा ने सभा के लिए दादरी की बजाय जेवर सीट को चुना है। इसके पीछे जेवर की बदलती सियासत भी अहम मानी जा रही है। एयरपोर्ट के कारण जेवर क्षेत्र की राजनीतिक अहमियत लगातार बढ़ी है। बसपा इसी क्षेत्र से अपने पुराने वोट बैंक और सामाजिक समीकरणों को फिर से साधने की कोशिश करती नजर आ रही है।
