लोनी में युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाई पर हमला, तीन के खिलाफ मुकदमा

News Desk
2 Min Read

लोनी। अंकुर विहार थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन युवकों ने बाजार से भाई के साथ घर लौट रही युवती से छेड़छाड़ की गई। इसके विरोध पर आराेपितों ने उसके भाई के साथ मारपीट की।

आरोप है कि भाई के गले पर पेचकस से हमला किया गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसीपी अंकुर विहार से की। पुलिस ने दो सप्ताह बाद तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

अंकुर विहार थाना क्षेत्र में रहने वालायुवक 23 जून को रात करीब साढ़े नौ बजे बहन के साथ बाजार से लौट रहा था। जब दोनों दिल्ली-सहारनपुर रोड के पास कालोनी के मोड़ पर पहुंचे तो बाइक सवार तीन युवकों ने पिस्टल के बल पर दोनों को रोक लिया।

पुलिस को क्या दी शिकायत?

आरोप है कि युवकों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर पिस्टल तान कर बहन व उनके साथ अभद्रता की। विरोध पर आरोपितों में से एक ने गोली चला दी और उन पर पेचकस से हमला कर दिया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस को आता देख तीनों बाइक पर बैठकर फरार हो गए। पुलिस ने घायल का उपचार कराया। अगले दिन उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस चौकी पर की।

आरोप है कि पुलिस ने शिकायत पर मेडिकल कराने के बाद भी कार्रवाई नहीं की। बाद में उन्होंने मामले की शिकायत एसीपी अंकुर विहार से की।

एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्या ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर साहिल, साहिब व अमन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला दर्ज करने में देरी की जांच कराई जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment